VRINDAVAN: 4 students die while cleaning a water tank; panic ensues!
VRINDAVAN: वृंदावन के चैतन्य विहार स्थित महर्षि पाणिनि संस्कृत गुरुकुलम में मंगलवार रात पानी के टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि एक छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद गुरुकुल और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 10 बजे गुरुकुल के छात्र करीब 12 फीट गहरे पानी के सबमर्सिबल टैंक की सफाई कर रहे थे। बताया जा रहा है कि टैंक से बदबू आने के बाद एक छात्र टैंक के अंदर गया और कुछ ही देर बाद बेहोश हो गया।
उसे बचाने के लिए दूसरे छात्र भी टैंक के अंदर उतरते गए। देखते ही देखते पांच छात्र जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और सभी छात्रों को टैंक से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मनु कटारे, देवांश, विशु और आर्यन को मृत घोषित कर दिया। वहीं रुद्राक्ष की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने गुरुकुल पहुंचकर घटना की जानकारी ली और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि टैंक की सफाई के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे या नहीं। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
