CG Weather: Heavy rain likely in several districts of Chhattisgarh!
CG WEATHER: छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिन हुई अच्छी बारिश के बाद मानसून की चाल धीमी पड़ गई है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कुछ हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हुई है।
सरगुजा संभाग में अच्छी बारिश दर्ज की गई तो वही अगले 5 दिनों तक बारिश का यह सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने रविवार को सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर और जशपुर इन 4 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं 13 जुलाई से बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। कुछ इलाकों में बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
राजधानी रायपुर में रविवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।
शहर का अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस समय 2 बड़े मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं। पहला, पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) बना हुआ है। दूसरा, उत्तर-पश्चिम बिहार और आसपास के इलाके में भी ऊपरी हवा का एक चक्रवाती सिस्टम एक्टिव है।
ये दोनों सिस्टम वातावरण में नमी को लगातार अपनी ओर खींच रहे हैं जिससे बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाएं इन सिस्टमों की वजह से मध्य भारत, खासकर छत्तीसगढ़ तक पहुंच रही हैं।
इससे बादल लगातार बन रहे हैं और प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की स्थिति बनी हुई है। 13 जुलाई से इन सिस्टमों का असर थोड़ा और बढ़ने की संभावना है, इसलिए बारिश भी पहले के मुकाबले ज्यादा हो सकती है।
