Bijapur State Festival: Bastar moving from the darkness of Naxalism towards development
बीजापुर राज्योत्सव: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर बीजापुर के मिनी स्टेडियम में जिला स्तरीय राज्योत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि अब बस्तर में गोलियों की गूंज नहीं, बल्कि विकास और खुशहाली की गूंज सुनाई दे रही है।
वीर जवानों का सम्मान और ध्वजारोहण: जिला राज्योत्सव से पूर्व मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों पर स्थित ताड़पाला सुरक्षा कैंप का दौरा किया। उन्होंने वहां राष्ट्रध्वज फहराया और कठिन परिस्थितियों में तैनात सुरक्षा बलों के वीर जवानों का उत्साहवर्धन किया।
श्रमिकों और प्रतिभावान छात्रों का प्रोत्साहन: श्रमेव जयते’ के संदेश के साथ मंत्री जी ने विकास कार्यों में जुटे श्रमिकों को सम्मानित किया। इसके अलावा, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर उनका हौसला बढ़ाया।
संगठन एवं सामाजिक संवाद: प्रवास के दौरान मंत्री जी ने स्थानीय भाजपा संगठन के पदाधिकारियों और सतनामी समाज के प्रतिनिधियों से आत्मीय मुलाकात कर क्षेत्र के सामाजिक व बुनियादी विकास पर चर्चा की।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश: सुरक्षा कैंप परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संवर्धन का संदेश दिया गया।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिल रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का मुख्य लक्ष्य बस्तर के युवाओं को कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और रोजगार के अवसरों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि क्षेत्र में शांति और विकास की नींव को स्थायी मजबूती दी जा सके।
समारोह के अंत में स्थानीय कलाकारों द्वारा छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति और लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसका उपस्थित जनसमूह ने आनंद लिया।


