CG Train Derailment: Goods train derails again!
CG TRAIN DERAILMENT: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रेलवे स्टेशन के पास शंकर नगर आरओबी के नीचे एक मालगाड़ी का वैगन डाउन लाइन पर बेपटरी हो गया।
राहत की बात यह रही कि मालगाड़ी की रफ्तार धीमी होने के कारण बड़ा हादसा टल गया।
हाल के दिनों में बिलासपुर रेल मंडल में मालगाड़ियों के बेपटरी होने की घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में एक बार फिर हुए इस हादसे ने रेलवे ट्रैक और परिचालन की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के इंजीनियरिंग और तकनीकी विभाग की टीम मौके पर पहुंची और वैगन को दोबारा पटरी पर लाने तथा ट्रैक बहाल करने का काम शुरू कर दिया।
अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया और दुर्घटना के कारणों की तकनीकी जांच भी शुरू कर दी है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, हादसे का असर ट्रेनों के संचालन पर सीमित रहा। डाउन लाइन पर कुछ समय के लिए परिचालन प्रभावित हुआ, लेकिन ट्रैफिक बहाली का काम तेजी से किया जा रहा है ताकि ट्रेनों की आवाजाही सामान्य हो सके।
फिलहाल रेलवे प्रशासन दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटा है।
