CG Mutton Shops Closed: Corporation Issues Order—Three-Day Ban on Meat and Mutton Sales
CG Mutton Shops Closed: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आने वाले धार्मिक त्योहारों को देखते हुए नगर निगम ने बड़ा फैसला लिया है। रायपुर नगर निगम ने राजधानी में तीन प्रमुख धार्मिक त्योहारों के दौरान मांस और मटन की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है। निगम के आदेश के अनुसार नगर निगम की सीमा के भीतर स्थित सभी मांस की दुकानें पूरी तरह से बंद रहेंगी। यह आदेश विशेष रूप से मार्च महीने में पड़ने वाले तीन प्रमुख त्योहारों चेट्रीचंड, रामनवमी और महावीर जयंती पर लागू होगा। नगर निगम ने साफ कर दिया है कि इन तारीखों पर होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट में भी मांसाहारी भोजन परोसना या फिर बेचना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
बिक्री पर कब रहेगा प्रतिबंध?
- 20 मार्च – चेट्रीचंड
- 27 मार्च – रामनवमी
- 31 मार्च – महावीर जयंती
इन दिनों शहर में कहीं भी मांस या मटन की बिक्री की अनुमति नहीं होगी।
कार्रवाई की चेतावनी
मेयर मीनल चौबे के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने एक कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत सभी ज़ोनों के अधिकारियों और स्वच्छता निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में सघन निरीक्षण करने का आदेश दिया गया है। इस आदेश में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि मांस परोसना या बेचना प्रतिबंधित है न केवल खुले बाज़ारों में, बल्कि होटलों के भीतर भी। यदि कोई भी इन नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया जाता है, तो न केवल उसका सामान ज़ब्त कर लिया जाएगा, बल्कि संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई भी शुरू की जाएगी।

