CG Housing Scheme Scam: EOW files 3,000-page charge sheet in court!
CG Housing Scheme Scam: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित इंदिरा आवास योजना घोटाले में EOW ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गरीबों की आवास सहायता राशि के 79 लाख रुपये के गबन के मामले में कियोस्क संचालक गौरव शुक्ला के खिलाफ विशेष न्यायालय में करीब 3000 पेज का चार्जशीट पेश किया है।
EOW के अनुसार आरोपी गौरव शुक्ला, बैंक ऑफ इंडिया, कोरबा शाखा में कियोस्क संचालक के रूप में कार्यरत था।
उसने इंदिरा आवास योजना के लाभार्थियों के निष्क्रिय खातों को बैंक कर्मचारियों की स्टाफ आईडी का इस्तेमाल कर दोबारा सक्रिय किया।
इसके बाद लाभार्थियों के आधार नंबर हटाकर उनकी जगह अपने, अपने पिता, माता, पत्नी और पुत्र के आधार नंबर लिंक कर दिए। इसके जरिए AEPS (आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम) से बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण कर राशि अपने खातों में ट्रांसफर करता रहा।
जांच में पता चला कि वर्ष 2017 में बैंक के Finacle Software में मौजूद तकनीकी कमियों का आरोपी ने फायदा उठाया।
उस समय बिना आधार सत्यापन के आरोपी ने 9 बैंक स्टाफ यूजर आईडी का इस्तेमाल कर 426 खातों में 620 आधार सीडिंग प्रविष्टियां कीं।
इनमें अधिकांश मामलों में आधार दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन भी नहीं किया गया।
जांच एजेंसी के अनुसार आरोपी ने दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों के भोले-भाले हितग्राहियों के भरोसे का फायदा उठाते हुए उनके 79 लाख रुपये का गबन किया।
