CG Employment News: Government approves recruitment for 5,800 ‘Bastar Fighters’ posts!
CG EMPLOYMENT NEWS: छत्तीसगढ़ सरकार ने बस्तर फाइटर्स के 5,800 पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है।
पहले चरण में 1,500 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इसके बाद शेष पदों पर भी चरणबद्ध तरीके से भर्ती की जाएगी। सरकार का कहना है कि इससे बस्तर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ-साथ युवाओं को स्थायी रोजगार भी मिलेगा।
सरकार का उद्देश्य माओवादी प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना, स्थानीय युवाओं को सरकारी रोजगार उपलब्ध कराना और बस्तर में स्थायी शांति स्थापित करना है।
राज्य सरकार की योजना के अनुसार भविष्य में बस्तर में तैनात केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की संख्या धीरे-धीरे कम की जाएगी।
उनकी जगह सुरक्षा की जिम्मेदारी स्थानीय युवाओं से गठित बस्तर फाइटर्स को सौंपी जाएगी। सरकार का मानना है कि स्थानीय परिस्थितियों की बेहतर समझ रखने वाले जवान नक्सल प्रभावित इलाकों में अधिक प्रभावी ढंग से कार्य कर सकेंगे और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाएंगे।
वन मंत्री केदार कश्यप ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बस्तर के युवाओं में प्रतिभा, साहस और क्षमता की कोई कमी नहीं है।
सरकार ने उन्हें अपने ही क्षेत्र की सुरक्षा में भागीदारी का अवसर देकर ऐतिहासिक फैसला लिया है। इससे हजारों युवाओं को सरकारी सेवा में आने का मौका मिलेगा और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया में बस्तर संभाग के स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
