CG Crime News: Drunken Youth Assaults TI; Shoulder Dislocated
CG Crime News: छत्तीसगढ़ में इन दिनों बदमाशों के हौसले सातवें आसमान पर हैं। बदमाशों के मन से पुलिस का खौफ इस कदर खत्म हो चुका है कि अब वो पुलिस पर भी हाथ छोड़ने से बाज नहीं आ रहे। ताजा मामला गंज थाना क्षेत्र के नमस्ते चौक का है जहाँ देर रात शराब के नशे में कार खड़ी कर सड़क जाम करने वाले युवक ने जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि युवक ने ड्यूटी पर मौजूद थाना प्रभारी से झूमाझटकी करते हुए उनका हाथ पकड़कर मरोड़ दिया, जिससे उनके कंधे में चोट आ गई। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस की कार्रवाई
रात करीब 12.25 बजे गंज थाना प्रभारी सुनील दास हमराह स्टाफ आरक्षक जितेश मांझी और सौरभ यादव के साथ शहर में गश्त और ट्रैफिक व्यवस्था देखने निकले थे। इसी दौरान उन्हे सूचना मिली की नमस्ते चौक के पास भारी भीड़ और ट्रैफिक जाम है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि एक युवक अपनी कार मारुति सुजुकी फ्रानेक्स को गलत तरीके से मोड़कर सड़क के बीच खड़ा कर दिया था, जिससे आवागमन बाधित हो गया था और लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी।
पुलिस ने चालक को वाहन हटाने के लिए समझाइश दी, लेकिन वह भड़क गया। आरोपी ने जोर-जोर से चिल्लाते हुए पुलिसकर्मियों से कहा कि तुम लोग मुझे जानते नहीं हो, मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकते। इस दौरान उसने अपना नाम हंसु कुमार चंद्रवंशी बताया। पुलिस के बार-बार समझाने के बावजूद वह सड़क जाम किए रहा और शासकीय कार्य में बाधा डालने लगा। आरोप है कि इसी दौरान उसने थाना प्रभारी सुनील दास के साथ झूमाझटकी करते हुए उनके दाहिने हाथ को पकड़कर जोर से मरोड़ दिया। इससे उनके कंधे में गंभीर चोट आ गई।

आरोपी गिरफ्तार और मेडिकल जांच
मौके पर मौजूद पुलिस स्टाफ और आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर आरोपी को काबू में किया। पुलिस को आरोपित के शराब के नशे में होने का संदेह हुआ, जिसके बाद उसे मेडिकल परीक्षण के लिए मेकाहारा अस्पताल भेजा गया। वहीं घायल थाना प्रभारी का भी एम्स अस्पताल में इलाज कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके दाहिने कंधे के डिस्लोकेट होने की पुष्टि की है। गंज थाना पुलिस ने आरोपित हंसु कुमार चंद्रवंशी (23) निवासी बोरतरा खुर्द, जिला कबीरधाम के खिलाफ मोटरयान अधिनियम सहित शासकीय कार्य में बाधा की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।

