CG BIG NEWS: Robbery at gunpoint at petrol pump
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से लूट की खबर आ रही है। यहां पेट्रोल पंप से लूट की वारदात हुई है। दो बाइक सवार दो नकाबपोश लुटेरों ने बंदूक की नोक पर पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात को अंजाम दिया है। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों नकाबपोश लुटेरे मौके से फरार हो गए। पेट्रोल पंप पर लूट के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद पुलिस अलर्ट हो गई है। वारदात को अंजाम देने वाले लुटेरों की तलाश में जुट गई है।
जानिए लुटेरों ने कैसे दिया लूट की वारदात को अंजाम –
दरअसल, यह लूट की घटना गरियाबंद के कोतवाली थानी क्षेत्र में शुक्रवार देररात हुई। जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रायपुर रोड पर ग्राम मजरकटटा में एक पेट्रोल पंप है। पेट्रोल पंप के कर्मचारी भावेश ध्रुव ने बताया कि शुक्रवार की रात साथी कर्मचारी अमन के साथ वो आफिस में सो रहा था। रात करीब डेढ़ बजे पेट्रोल पंप पर दो नकाबपोश बाइक से आए। दोनों नकाबपोशों ने आफिस का दरवाजा खटखटाया और पेट्रोल डलवाने की बात की।
भावेश ने जैसे ही दरवाजा खोला तो नकाबपोशों में एक ने बंदूक निकाल लिया और जान से मारने की धमकी। वहीं दूसरे नकाबपोश ने रुपए और मोबाइल की मांग की। इस पर भावेश ने बिक्री की रकम करीब 5 हजार और मोबाइल लुटेरों को दे दिया। इसके बाद दोनों नकाबपोश मौके से फरार हो गए।
इसके बाद भावेश ने इस पूरे घटना की जानकारी पेट्रोल पंप के मालिक को दी। पेट्रोल पंप के मालिक ने आज सुबह पुलिस थाना में लूट की शिकायत की। पुलिस अपराध दर्ज कर लुटरों की तलाश में जुट गई है। पुलिस ने जब पेट्रोल पंप के सीसीटीवी को खंगाला तो पता चला कि सीसीटीवी खराब है।
