CG BIG NEWS: Irregular employees may get good news, Minister Singhdev hints at regularization
रायपुर। सरकार द्वारा अनियमित कर्मचारियों के नियमितीकरण के संकेत मिल रहे हैं। इसे लेकर स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि ”घोषणा पत्र बनाने के समय से लेकर पार्टी के तरफ से व्यक्तिगत तौर पर मैंने भी और पार्टी के प्रतिनिधि के रुप में भी हम लोगों ने उनको आश्वस्त किया था कि आप लोगों का नियमितीकरण होगा। यह प्रक्रिया आगे बढ़ी है यह संतोषप्रद है।’
सरकार जुटा रही है जानकारी –
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कर्मचारियों के सेटअप, वेतन, कर्मचारियों की योग्यता, आरक्षण नियमों से जुड़ी जानकारी सरकार जुटा रही है। इसलिए प्रदेश के हर विभाग को जानकारी भेजने के निर्देश जारी किए गए हैं। सामान्य प्रशासन के अवर सचिव एसके सिंह की तरफ से एक निर्देश जारी किए गए हैं। सिंह ने अपने पत्र में कहा है- सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, विशेष सचिव, संयुक्त सचिव से अपने विभागों के कर्मचारियों की जानकारी दें। इसमें निगम, मंडल, आयोग, संस्था, कार्यालय में काम कर रहे अनियमित, दैनिक वेतन भोगी और संविदा में काम कर रहे लोग शामिल होंगे।
क्या मांगी गई है जानकारी –
• विभाग में पदस्थ अनियमित, दैनिक वेतन भोगी, संविदा पर कार्यरत कर्मचारी क्या खुले विज्ञापन भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से नियुक्त हुए हैं।
• क्या कार्यरत कर्मचारी उक्त पद की निर्धारित शैक्षणिक तकनीकी योग्यता रखते हैं।
• कार्यरत कर्मचारी जिस पद पर कार्य कर रहा है क्या वह पद संबंधित विभाग के पद संरचना भर्ती नियम में स्वीकृत है।
• क्या उक्त नियुक्ति में शासन द्वारा जारी आरक्षण नियमों में अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग का पालन किया गया है।
• विभाग में अनियमित, दैनिक वेतन भोगी, संविदा पर कार्यरत उन्हें वर्तमान में क्या मानदेय भुगतान किया जा रहा है तथा नियमित पदों का क्या वेतनमान है।
घोषणापत्र में कांग्रेस ने किया था वादा –
बता दें कि पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में अनियमित कर्मचारियों को नियमित करने का ऐलान किया था, लेकिन सत्ता पर काबिज होने के लगभग 4 साल पूरे होने को आ रहे हैं। बावजूद इसके अब तक इन कर्मचारियों का नियमितीकरण नहीं किया गया है। एक अनुमान के मुताबिक प्रदेश में लगभग 1 लाख 80 हजार अनियमित कर्मचारी नियमितीकरण की बाट जोह रहे हैं। नियमितीकरण की मांग को लेकर लगातार कर्मचारियों के द्वारा आंदोलन धरना प्रदर्शन किया गया। अब जाकर संकेत मिल रहे हैं कि सरकार इस पर विचार कर रही है। क्योंकि विभागीय स्तर पर जो जानकारी मांगी गई है उससे तो यही लगता है कि जल्द सरकार और नियमित कर्मचारियों को नियमित करने पर विचार कर रही है।
अनियमित कर्मचारियों को समर्थन देने पहुंचे थे पूर्व सीएम –
पिछले दिनों रायपुर में अनियमित कर्मचारियों के आंदोलन को पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने समर्थन दिया था। उन्होंने कहा था कि लगभग 40,000 अनियमित कर्मचारियों को उनकी सरकार में नियमित किया था। अगर आने वाले समय में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी तो पहली चिंता अनियमित कर्मचारियों की करेंगे।

