BILASPUR HIGH COURT : Major action by High Court on Uslapur Goods Shed
बिलासपुर। बिलासपुर के उसलापुर स्टेशन के गुड्स शेड को लेकर बड़ा मामला हाईकोर्ट तक पहुंच गया है। अब वहां श्रमिकों और व्यापारियों के लिए जरूरी सुविधाएं हैं या नहीं, इसकी जांच कलेक्टर द्वारा बनाई गई समिति करेगी। हाईकोर्ट ने इस मामले में स्वतंत्र जांच के आदेश देते हुए 13 जुलाई तक रिपोर्ट मांगी है।
पूरा विवाद 28 मई को उस वक्त शुरू हुआ जब रेलवे ने अचानक बिलासपुर गुड्स शेड बंद कर सभी गतिविधियां उसलापुर शिफ्ट कर दीं। इसके बाद रेलवे कर्मचारी संघ और ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन ने इस फैसले को चुनौती दी।
कोर्ट में सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं ने आरोप लगाया कि उसलापुर में अभी भी शौचालय, पेयजल, विश्राम कक्ष और अन्य मूलभूत सुविधाएं पूरी तरह उपलब्ध नहीं हैं। वहीं रेलवे ने दावा किया कि सभी जरूरी सुविधाएं दे दी गई हैं।
दोनों पक्षों के विरोधाभासी दावों को देखते हुए हाईकोर्ट ने मामले को गंभीर मानते हुए कलेक्टर की समिति से स्थल निरीक्षण कर रिपोर्ट देने को कहा है। अब अगली सुनवाई 15 जुलाई को होगी।
