D.Ed CANDIDATES PROTEST : They had come to ask for a job, but the police took them away in a bus!
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सहायक शिक्षक भर्ती को लेकर D.Ed अभ्यर्थियों का गुस्सा गुरुवार सुबह फूट पड़ा। 2,300 पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर 400 से ज्यादा अभ्यर्थियों ने स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बंगले का घेराव कर दिया। प्रदर्शन में अभ्यर्थियों के साथ उनके परिवार के सदस्य और छोटे बच्चे भी शामिल थे।
अभ्यर्थी मंत्री के बंगले के अंदर और बाहर धरने पर बैठ गए। उनकी मांग थी कि सरकार 2,300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की तारीख घोषित करे। अभ्यर्थियों का कहना था कि जब तक तारीख तय नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन बढ़ने पर मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। इसके बाद पुलिस ने अभ्यर्थियों को वहां से हटाया। कुछ प्रदर्शनकारियों को हाथ-पैर पकड़कर उठाया गया और घसीटते हुए बसों तक ले जाया गया। सभी को बसों में बैठाकर तूता धरना स्थल पहुंचाया गया।
321 दिनों से जारी है आंदोलन
D.Ed अभ्यर्थी पिछले 321 दिनों से नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इससे पहले वे घुटनों के बल चलकर विरोध जता चुके हैं। कुछ अभ्यर्थियों ने तालाब में जल समाधि लेने की कोशिश भी की थी।
अभ्यर्थियों का दावा है कि हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बावजूद 2,300 पदों पर नियुक्ति नहीं हुई है। उनका कहना है कि यह सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के भविष्य का सवाल है।


