BAT-BMS E-Rickshaw News: E-rickshaws are suddenly shutting down in the middle of the road!
BAT-BMS E-RICKSHAW NEWS: सोशल मीडिया पर इन दिनों कई ऐसे वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें राह चलते लोग अपने स्मार्टफोन के जरिए सड़क पर दौड़ते हुए ई-रिक्शा को अचानक बंद कर देते हैं।
यह सब BAT-BMS नाम के मोबाइल ऐप के जरिए किया जा रहा है, जिसका बाकायदा प्ले स्टोर पर एक ऐप है।
इसी मदद से लोग राह चलते किसी भी ई-रिक्शा को बंद कर दे रहें हैं। कई राज्यों से चालकों ने शिकायत की कि उनकी गाड़ियां अचानक रास्ते में रुक गईं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ-साथ सड़क पर खतरे का भी सामना करना पड़ा।
BAT-BMS कोई हैकिंग ऐप नहीं है। यह एक तरह का बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (BMS) को मॉनिटर और कंट्रोल करने वाला ऐप है।
आमतौर पर इसका इस्तेमाल लिथियम बैटरी की चार्जिंग, वोल्टेज, तापमान और अन्य तकनीकी जानकारी देखने के लिए किया जाता है। कई बैटरियों में ब्लूटूथ के जरिए यह ऐप सीधे BMS से जुड़ जाता है।
यदि BMS पर पासवर्ड या अन्य सुरक्षा सेटिंग नहीं लगी है, तो आसपास मौजूद कोई व्यक्ति BAT-BMS ऐप से ब्लूटूथ के जरिए बैटरी से कनेक्ट होकर डिस्चार्ज आउटपुट बंद कर सकता है।
इस मामले के सामने आने के बाद कई ई-रिक्शा चालकों ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि चलते-चलते वाहन बंद होने से सवारी बीच रास्ते में उतर जाती है, रोज की कमाई प्रभावित होती है और कई बार सड़क हादसे का खतरा भी पैदा हो जाता है।
कुछ जगहों पर पुलिस ने भी शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू की है कि कहीं इस ऐप का जानबूझकर गलत इस्तेमाल तो नहीं किया जा रहा।
यह ऐप सभी तरह के ई-रिक्शा को बीच रास्ते बंद नहीं कर सकता है. यह केवल उन बैटरी से कनेक्ट हो सकती है, जिसमें कंपैटिबल ब्लूटूथ सिस्टम लगा है और कनेक्टिविटी का ऑप्शन ऑन है।
यह ऐप लीड-एसिड बैटरी के साथ काम नहीं करती। यही वजह है कि लीड-एसिड बैटरी वाले ई-रिक्शा इससे बंद नहीं हो रहे हैं।
