RAIPUR BREAKING : CBI raids Mohit Somani’s house in Mahadev Satta App case
रायपुर। महादेव सट्टा ऐप मामले में जांच एजेंसियों ने कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को सीबीआई की टीम ने रायपुर की समता कॉलोनी में जेल में बंद आरोपी मोहित सोमानी के घर छापा मारा। वहीं, मामले के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को आज ईडी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। पेशी के बाद ईडी उसकी कस्टोडियल रिमांड मांग सकती है।
समता कॉलोनी में सीबीआई की दबिश
जानकारी के मुताबिक, सीबीआई की टीम सुबह ही मोहित सोमानी के आवास पर पहुंच गई थी। अधिकारियों ने घर में दस्तावेजों और डिजिटल सबूतों की तलाश की। जांच एजेंसी को शक है कि मोहित सट्टा नेटवर्क से जुड़ा था और प्रमोटर से ऐप की आईडी लेकर आगे बेचता था। हालांकि, छापेमारी में क्या मिला है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
मोहित सोमानी को इससे पहले रायगढ़ पुलिस ने गोवा से गिरफ्तार किया था। फिलहाल वह रायगढ़ जेल में न्यायिक हिरासत में बंद है।
सौरभ से पूछताछ की तैयारी
दूसरी ओर, सौरभ चंद्राकर को प्रोडक्शन वारंट पर रायपुर जेल से ईडी की स्पेशल कोर्ट ले जाया जाएगा। ईडी ने पीएमएलए विशेष अदालत में आवेदन लगाया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया है।
अब ईडी सौरभ की कस्टोडियल रिमांड मांगकर सट्टा ऐप के नेटवर्क और पैसों के लेनदेन से जुड़े सवालों पर पूछताछ करना चाहती है। आने वाले समय में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।


