CG BUS FIRE : Moving bus catches fire, 50 passengers safe
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में सोमवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। रायपुर जा रही एक यात्री बस में अचानक आग लग गई। बस में करीब 50 यात्री सवार थे, लेकिन ड्राइवर की तत्परता से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि बस पूरी तरह जलकर राख हो गई।
जानकारी के अनुसार राजधानी ट्रेवल्स की बस सुबह करीब 8 बजे बलौदाबाजार से रायपुर के लिए रवाना हुई थी। सुबह करीब 9 बजे खरोरा थाना क्षेत्र के भैंसा गांव के पास बस के इंजन से धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और बस में तेजी से फैल गई।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए ड्राइवर ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और सभी दरवाजे खोलकर यात्रियों को नीचे उतरने के लिए कहा। कुछ ही मिनटों में बस आग की चपेट में आ गई।
यात्री पवन ने बताया कि ड्राइवर ने समय पर बस रोक दी, जिससे खासकर बच्चों और महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। यदि थोड़ी भी देर होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर यात्रियों की मदद की। आग लगने के कारणों की जांच जारी है, लेकिन शुरुआती आशंका इंजन में खराबी की जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
तेलीबांधा में भी चलती कार में आग
इधर रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में शनिवार रात अग्रसेन चौक के पास चलती सूमो ग्रैंड कार में अचानक आग लग गई। गाड़ी में छह लोग सवार थे, लेकिन सभी समय रहते बाहर निकल गए।
फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया, हालांकि तब तक गाड़ी पूरी तरह जल चुकी थी। इस घटना में भी किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।

