‘Anganwadi workers are the first and a strong stepping stone for nation-building’ – MLA Anuj Sharma
धरसींवा। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने तथा देश के भविष्य यानी नौनिहालों के पोषण और प्रारंभिक शिक्षा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के सम्मान में आज स्थानीय सेवा सदन में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने क्षेत्र की 50 से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा, “कुपोषण से जंग और भविष्य निर्माण की असली योद्धा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। नौनिहालों के पोषण और समाज के सशक्तिकरण में आपकी समर्पित सेवा वंदन के योग्य है। आप केवल एक कर्मचारी नहीं, बल्कि गांव-गांव और घर-घर में स्वस्थ व शिक्षित समाज की नींव रखने वाली असली शक्ति हैं। आप हमारे समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे पहली और मजबूत सीढ़ी हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि गर्भवती महिलाओं की देखभाल से लेकर कुपोषण मुक्ति अभियान, टीकाकरण और बच्चों को प्रारंभिक संस्कार देने तक आंगनबाड़ी बहनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। विपरीत परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए सभी आंगनबाड़ी दीदियां और सहायिकाएं बधाई की पात्र हैं।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार मातृशक्ति के सशक्तिकरण, कुपोषण मुक्ति और महिला एवं बाल विकास के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ीकरण, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता और कार्यकर्ताओं की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे। अंत में उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज के प्रति उनके अतुलनीय समर्पण के प्रति कृतज्ञता ज्ञापन है।
समारोह के दौरान सम्मानित हुई आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने विधायक अनुज शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि द्वारा इस प्रकार सार्वजनिक मंच पर मान-सम्मान मिलने से उनका मनोबल बढ़ा है और वे भविष्य में भी दोगुने उत्साह के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगी।
इस विशेष कार्यक्रम में विधायक श्री अनुज शर्मा के साथ जनपद अध्यक्ष शकुंतला ढीलेंद्र सेन, उपाध्यक्ष दिनेश खूंटे, रुखमणी संतोष वर्मा, सरोज चंद्रवंशी, पूजा अश्वनी वर्मा, रुखमणी शिवारे, सुनील शर्मा सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारीगण, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं व सहायिकाएं उपस्थित रहीं।


