Andhra Pradesh COVID-19: 4 deaths due to Corona!
ANDRA PRADESH COVID-19: आंध्र प्रदेश में कोरोना वायरस को लेकर राज्य के स्वास्थ्य आयुक्त जी वीरपांडियन ने बताया कि 26 जून से 16 जुलाई के बीच राज्य के चार अलग-अलग जिलों में कोरोना के 12 नए मरीजों की पुष्टि हुई है.
इस दौरान 4 मरीजों की जान भी गई है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम जनता को घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है.
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग के सचिव वीरा पांडियन ने बताया कि जिन 4 मरीजों की जान गई है, वे पहले से ही गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे.
उन्हें हाई बीपी, शुगर और किडनी से जुड़ी पुरानी समस्याएं थीं.26 जून से 15 जुलाई के बीच कुल 67 लोगों का कोविड टेस्ट किया गया, जिनमें से 12 लोग पॉजिटिव निकले.
बता दें कि काकीनाडा के एक मरीज का टेस्ट तमिलनाडु के वेल्लोर में हुआ था.
कडप्पा में 8 मरीज, गुंटूर में 2 मरीज, विशाखापट्टनम और काकीनाडा में1-1मरीज मिला.
राहत की बात यह है कि ये सभी मामले अलग-अलग जगहों से आए हैं. किसी भी एक इलाके में बहुत सारे मरीज एक साथ नहीं मिले हैं. इसका मतलब है कि फिलहाल कोविड का क्लस्टर नहीं बन रहा है.
बता दें कि वायरस के वैरिएंट का पता लगाने के लिए 9 जुलाई को 5 सैंपल पुणे की नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (NIV) लैब भेजे गए हैं.
आंध्र प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सत्य कुमार यादव ने अपील की है कि सरकार पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. सभी अस्पतालों, डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को अलर्ट कर दिया गया है. लोग किसी भी तरह की दहशत में न आएं. बस जरूरी सावधानियां बरतें और स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करें.
