A three-day sports event concluded at Rawatpura Sarkar University with the resolve of ‘India Plays, India Wins’…
रायपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर श्री रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय में “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” के संदेश के साथ तीन दिवसीय खेल एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों में खेल भावना, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना था।
आयोजन के दौरान वॉलीबॉल, शतरंज, कैरम सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों एवं विश्वविद्यालय स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने खेल कौशल, अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने खेलों को केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि स्वस्थ और अनुशासित जीवन का महत्वपूर्ण आधार बताया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विशाल गर्ग, ग्रुप डायरेक्टर डॉ. कमल कुमार प्रधान, प्रति-कुलाधिपति प्रो. सत्य प्रकाश दुबे, कुलपति प्रो. सौरभ चतुर्वेदी, कुलसचिव डॉ. अमृत अनिल राव पुरोहित, डीन एकेडमिक्स प्रो. मनीष उपाध्याय, स्पोर्ट्स डायरेक्टर डॉ. सुमित तिवारी सहित विभिन्न संकायों के डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय खेल दिवस पर भारतीय हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भारतीय खेल जगत में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।
वक्ताओं ने कहा कि मेजर ध्यानचंद का जीवन अनुशासन, समर्पण, निरंतर अभ्यास और राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और स्वस्थ भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर विश्वविद्यालय परिवार ने “स्वस्थ युवा–सशक्त भारत” के संकल्प को दोहराते हुए नियमित रूप से खेल एवं शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने का संदेश दिया। राष्ट्रीय खेल दिवस का यह आयोजन मेजर ध्यानचंद की खेल भावना और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को समर्पित रहा।
