रायपुर। छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज ने सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। बैठक में फैसला लिया गया कि आगामी 15 दिसंबर को विधानसभा का घेराव किया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश के 90 विधायकों के आवास पर नगाड़ा बजाकर विरोध दर्ज कराया जाएगा।
बैठक में आदिवासी समाज के वरिष्ठ नेता अरविंद नेताम के साथ भाजपा और कांग्रेस से जुड़े आदिवासी पदाधिकारी भी मौजूद रहे। समाज की नाराजगी को लेकर बैठक में विस्तार से चर्चा हुई और आंदोलन की रणनीति तैयार की गई।
आंदोलन के पहले चरण में 11 दिसंबर को प्रदेश के विभिन्न जिलों में मंत्रियों के पुतले दहन किए जाएंगे। इसके बाद 15 दिसंबर को विधानसभा घेराव के जरिए अपनी मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बनाया जाएगा।
सर्व आदिवासी समाज ने विधायकों के आवास पर नगाड़ा बजाने का फैसला भी लिया है। इस कार्यक्रम के जरिए समाज अपनी नाराजगी और मांगों को जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने की तैयारी में है।
बैठक में अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े आदिवासी नेताओं की मौजूदगी ने इस आंदोलन को लेकर राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। अब नजर इस बात पर है कि सरकार समाज की नाराजगी और प्रस्तावित आंदोलन को लेकर क्या कदम उठाती है।


