नई दिल्ली। कथित आय से अधिक संपत्ति के मामले में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। शीर्ष अदालत ने इलाहाबाद हाई कोर्ट के उस आदेश को रद्द कर दिया है, जिसमें CBI और ED को आरोपों की जांच करने के निर्देश दिए गए थे।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि राहुल गांधी का पक्ष सुने बिना मामले में आगे कोई निर्णय नहीं लिया जाना चाहिए। अब इलाहाबाद हाई कोर्ट इस मामले में सभी कानूनी पहलुओं पर नए सिरे से सुनवाई करेगा।
बुधवार को मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने राहुल गांधी की याचिका पर सुनवाई की। अदालत ने शिकायत की स्वीकार्यता सहित सभी मुद्दों पर राहुल गांधी को अपना पक्ष रखने का अवसर देने का निर्देश दिया।
मामला बीजेपी कार्यकर्ता विग्नेश शिशिर की शिकायत से जुड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया था कि राहुल गांधी की संपत्ति ज्ञात आय के स्रोतों से अधिक है। इसी शिकायत पर इलाहाबाद हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की गई थी।
राहुल गांधी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने शिकायतकर्ता की याचिका दाखिल करने की पात्रता और मंशा पर सवाल उठाए थे।
सुप्रीम कोर्ट के ताजा आदेश के बाद अब मामले की आगे की दिशा इलाहाबाद हाई कोर्ट की सुनवाई से तय होगी।


