MODI BALEN SHAH MEETING : First journey of Ayodhya-Janakpur train, big announcement of Rs 15 thousand crore!
रायपुर। भारत और नेपाल के रिश्तों को नई मजबूती देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की मुलाकात में कई अहम फैसले हुए। सोमवार को दिल्ली में हुई द्विपक्षीय बैठक के बाद पीएम मोदी ने नेपाल के लिए 15 हजार करोड़ रुपये की मदद का ऐलान किया। इसमें अनुदान और रियायती कर्ज दोनों शामिल हैं। हालांकि, दोनों हिस्सों में कितनी-कितनी राशि होगी, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
मोदी ने बालेन शाह के पहले द्विपक्षीय भारत दौरे को दोनों देशों की गहरी दोस्ती का प्रतीक बताया। उन्होंने भगवान राम और माता सीता का जिक्र करते हुए कहा कि नेपाल के बिना भारत के धाम और राम अधूरे हैं। वहीं बालेन शाह ने दोनों देशों के रिश्तों को हिमालय की तरह मजबूत बताया।
8 समझौतों पर हुए हस्ताक्षर
बैठक के दौरान भारत और नेपाल के बीच फॉरेंसिक विज्ञान, पुलिस प्रशिक्षण, प्रशासनिक अधिकारियों की ट्रेनिंग, आयुर्वेद, सैटेलाइट संचार, शहरी विकास, स्वास्थ्य और पशुपालन जैसे क्षेत्रों में 8 समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर हुए।
200 किलोमीटर का चक्कर होगा खत्म
दोनों नेताओं ने उत्तराखंड के धारचूला और नेपाल के दार्चुला को जोड़ने वाले छारछुम अंतरराष्ट्रीय मैत्री मोटर पुल का वर्चुअल उद्घाटन किया। इससे सीमावर्ती लोगों का करीब 200 किलोमीटर का अतिरिक्त रास्ता बचेगा।
इसके अलावा काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ हवाई मार्ग को दोनों दिशाओं में इस्तेमाल करने पर सहमति बनी। नेपाल को भारत के कांडला और पारादीप बंदरगाहों तक पहुंच देने का भी ऐलान किया गया।


