SAKTI ROAD ACCIDENT : Bus coming from the wrong side destroyed three families!
सक्ती. छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में तेज रफ्तार बस ने ऐसा कहर बरपाया कि एक ही गांव के तीन परिवारों में मातम छा गया। डभरा-चंद्रपुर मार्ग पर ग्राम छवारीपाली पेट्रोल पंप के पास बस और बाइक की जोरदार टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक शिक्षक भी शामिल हैं।
हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक, दर्री गांव के हरिशंकर चौहान, मोहर दास बैरागी और सेत कुमार पटेल एक ही बाइक से राम सप्ताह में शामिल होने सपोस गांव जा रहे थे। इसी दौरान प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सामने से आ रही मुस्कान यात्री बस रॉन्ग साइड में तेज रफ्तार से पहुंची और बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना के बाद बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर डभरा पुलिस मौके पर पहुंची और बस को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
हादसे के बाद बस मालिक की ओर से प्रत्येक मृतक के परिवार को 50-50 हजार रुपये और जिला प्रशासन की ओर से 25-25 हजार रुपये की तत्काल सहायता दी गई।
एक ही गांव से तीन अर्थियां उठने की खबर से दर्री में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने डभरा-चंद्रपुर मार्ग पर तेज रफ्तार और रॉन्ग साइड चलने वाले वाहनों पर सख्ती की मांग की है।


