CHHATTISGARH : Preparations to corner the government in the Assembly, stir increased due to 589 questions!
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र इस बार छोटा जरूर है, लेकिन हंगामेदार होने के आसार हैं। 14 से 17 दिसंबर तक चलने वाले चार दिवसीय सत्र में विपक्ष ने सरकार को घेरने की तैयारी शुरू कर दी है। अब तक विधायकों की ओर से 589 सवाल लगाए जा चुके हैं।
19 नवंबर तक के आंकड़ों के मुताबिक, इनमें 315 तारांकित और 274 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। इन सवालों के जरिए विधायक अलग-अलग विभागों के कामकाज, सरकारी योजनाओं और जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगेंगे।
इस बार सबसे ज्यादा गर्मी धान खरीदी के मुद्दे पर देखने को मिल सकती है। 15 नवंबर से खरीदी शुरू हो चुकी है, लेकिन बेमौसम बारिश ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। खरीदी केंद्रों की व्यवस्था, धान की गुणवत्ता, टोकन और भुगतान में देरी जैसे मुद्दों पर विपक्ष सरकार से जवाब मांग सकता है।
इसके अलावा कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार, सरकारी योजनाओं में गड़बड़ी और प्रशासनिक जवाबदेही भी विपक्ष के निशाने पर रह सकती है।
खास बात यह है कि सत्र के दौरान भाजपा सरकार अपने तीन साल का कार्यकाल भी पूरा करेगी। ऐसे में चुनावी वादों और मोदी की गारंटी को लेकर भी सवाल उठ सकते हैं। वोट चोरी और SIR का मुद्दा भी सदन में राजनीतिक बहस बढ़ा सकता है।
दूसरी ओर, सत्तापक्ष भी विपक्ष के सवालों का जवाब देने की तैयारी में है। इसके लिए भाजपा विधायक दल की बैठक बुलाने की तैयारी चल रही है।
अब देखना होगा कि चार दिन के इस सत्र में किन मुद्दों पर सबसे ज्यादा हंगामा होता है और सरकार को किन सवालों का जवाब देना पड़ता है।


