NMDC BAILADILA : Red debris of Bailadila becomes a problem, wreaks havoc on the forests!
दंतेवाड़ा। बैलाडीला की पहाड़ियों से लौह अयस्क निकालने वाली NMDC की खनन व्यवस्था अब टीलिंग्स यानी खनिज अपशिष्ट के पहाड़ को लेकर सवालों में है। लोहागांव के पास जमा लाखों टन लाल मलबा पिछले दो दिनों से लगातार खिसक रहा है। इसकी चपेट में जंगल, पेड़-पौधे और ग्रामीण रास्ते आ गए हैं। लोहागांव को किरंदुल से जोड़ने वाली सड़क भी मलबे में दब गई है।
जिला पंचायत सदस्य सोमारू कड़ती ने दावा किया है कि करीब 10 किलोमीटर के क्षेत्र में मलबे ने तबाही मचाई है और लाखों पेड़-पौधे नष्ट हो चुके हैं। वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास पर भी खतरा मंडरा रहा है। हालांकि, पर्यावरणीय नुकसान का आधिकारिक आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है।
दरअसल, लौह अयस्क के प्रसंस्करण के बाद बचने वाले बारीक खनिज अपशिष्ट को वर्षों से यहां जमा किया जा रहा था। अब यही विशाल ढेर खिसककर जंगल और ग्रामीण रास्तों को नुकसान पहुंचा रहा है।
इस घटना के बाद टीलिंग्स डंप की सुरक्षा, तकनीकी निगरानी और ठेका व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि यूनियनों के विरोध के बावजूद पहली बार इस काम का ठेका निजी कंपनी को दिया गया था।
हैरानी यह भी है कि सुरक्षा कारणों का हवाला देकर अधिकारी प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण नहीं कर पा रहे हैं। मीडिया को भी मौके पर जाने से रोकने की बात सामने आई है।
अब मांग उठ रही है कि स्वतंत्र तकनीकी जांच कराई जाए, पर्यावरणीय नुकसान का आकलन हो और NMDC व ठेका कंपनी की जवाबदेही तय की जाए।


