MAHADEV BETTING APP CASE : Saurabh Chandrakar jailed, now questioned by police officers!
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। गुरुवार को उसे रायपुर की विशेष पीएमएलए अदालत में पेश किया गया। ईडी ने इस बार रिमांड बढ़ाने की मांग नहीं की, जिसके बाद अदालत ने उसे 2 दिसंबर तक जेल में रखने का आदेश दिया।
इस मामले में जांच का दायरा अब और बढ़ता नजर आ रहा है। जानकारी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ पुलिस के कुछ अधिकारियों को बुधवार को पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया गया था। हालांकि, किन अधिकारियों से और किस मामले में पूछताछ हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
शुभम सोनी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट
दूसरी ओर, फरार चल रहे शुभम सोनी के खिलाफ ईडी की विशेष अदालत ने गैर-जमानती वारंट जारी किया है। शुभम नवंबर 2023 में उस समय चर्चा में आया था, जब उसने वीडियो जारी कर खुद को महादेव ऐप का असली मालिक बताया था।
उसने दावा किया था कि ऐप की शुरुआत 2021 में भिलाई से हुई और तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कहने पर दुबई जाकर 508 करोड़ रुपये कथित प्रोटेक्शन मनी के रूप में पहुंचाए थे। हालांकि, ये शुभम के आरोप हैं, जिनकी स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।
ईडी अब डिजिटल साक्ष्यों, सहयोगियों के बयानों और विदेशों में संचालित कंपनियों के दस्तावेजों के आधार पर कथित मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क की जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि सट्टेबाजी से कमाया गया पैसा किन रास्तों से विदेश भेजा गया और इसमें किसकी क्या भूमिका रही।


