CG CRIME: 476 kg of ganja (cannabis) worth ₹2.38 crore seized; 7 accused arrested
CG CRIME: बस्तर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजे की भारी खेप पकड़ी है। ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जाए जा रहे 476 किलो 500 ग्राम गांजे को पुलिस ने जब्त किया है। इसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 38 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में तीन नाबालिगों सहित कुल सात आरोपियों को पकड़ा है। इसे बस्तर पुलिस की इस साल की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, 5 नवंबर को बोधघाट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा के मलकानगिरी से कुरंदी के रास्ते एक सफेद पिकअप वाहन में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर जगदलपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने आड़ावाल रेलवे फाटक के पास नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।
इसी दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को आते देखा। दोनों युवक संदिग्ध पिकअप वाहन के आगे चलकर उसकी पायलटिंग कर रहे थे, ताकि रास्ते में पुलिस की मौजूदगी की जानकारी वाहन में सवार तस्करों को दी जा सके। पुलिस ने बाइक के पीछे आ रहे पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वाहन सवारों ने भागने की कोशिश की। हालांकि पुलिस की मुस्तैदी और घेराबंदी के चलते सभी को पकड़ लिया गया।
15 बोरियों में छिपाकर रखा था 450 पैकेट गांजा
पिकअप वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को 15 बोरियों में छिपाकर रखे गए 450 पैकेट गांजा मिले। वजन करने पर कुल 476 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की कीमत 2 करोड़ 38 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने गांजे के अलावा एक पिकअप वाहन, एक मोटरसाइकिल, छह पुराने टचस्क्रीन मोबाइल फोन और 1,500 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।


