BACHELI GATE CONTROVERSY : MLA gets angry at NMDC gate, warns officials!
दंतेवाड़ा. दंतेवाड़ा जिले के बचेली में NMDC की ओर से रास्तों पर गेट निर्माण को लेकर विवाद बढ़ गया है। स्थानीय लोगों के विरोध के बीच दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी खुद मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई। इस दौरान उनके तीखे तेवर का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
विधायक ने अधिकारियों से कहा, “इस क्षेत्र का विधायक मैं हूं। मेरी इजाजत के बगैर यहां का एक पत्ता तक नहीं हिलेगा।” उन्होंने चेतावनी दी कि स्थानीय लोगों को फोर्स के जरिए डराने की कोशिश न की जाए। साथ ही कहा कि आज ही गेट हटाया जाए, वरना पूरी जनता सड़क पर उतर सकती है।
अटामी ने सवाल उठाया कि गेट लगने से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों की आवाजाही प्रभावित होगी तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के लिए हर चौक पर CCTV कैमरे लगाने और गार्ड नियुक्त करने का सुझाव दिया। बाजार आने वाले ग्रामीणों से आधार कार्ड मांगने पर भी उन्होंने आपत्ति जताई।
दरअसल, NMDC बचेली में कुछ रास्तों पर गेट लगा रहा है। नगर पालिका और स्थानीय लोगों का आरोप है कि जरूरी NOC और सहमति के बिना निर्माण कराया जा रहा है। इससे आम लोगों की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका है।
विधायक ने अधिकारियों से बैठक बुलाकर स्थानीय लोगों को विश्वास में लेने की मांग की है। वहीं, इस मामले में NMDC प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।
