CHHATTISGARH WEATHER : Weather will change in 5 days, alert for farmers!
रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक आसमान में बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश होने की संभावना है। कृषि मौसम विज्ञान इकाई, अंबिकापुर के मुताबिक, इस दौरान रोजाना 10 से 15 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है।
पूर्वानुमान के अनुसार अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। 31 अक्टूबर, 1 नवंबर और 3 नवंबर को गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है। वहीं 3 नवंबर को तेज झोंकेदार हवाएं भी चल सकती हैं।
मौसम के इस बदलाव को देखते हुए किसानों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। कटी हुई धान की फसल और दूसरी कृषि उपज को खुले में न छोड़ें। अनाज को सुरक्षित और ढके हुए स्थान पर रखें। बारिश के दौरान कटाई, मड़ाई और अनाज सुखाने का काम रोकने की सलाह दी गई है।
खेतों में पककर तैयार धान की फसल तेज हवा और बारिश से गिर सकती है। इसलिए मौसम अनुकूल होने पर कटाई जल्द पूरी करें और खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने के लिए नालियां बनाएं।
गरज-चमक के दौरान खुले खेतों में काम न करें। बिजली चमकने पर पेड़ या बिजली के खंभों के नीचे शरण लेने के बजाय सुरक्षित पक्के भवन में जाएं। पशुओं को भी सूखे और सुरक्षित स्थान पर रखें।
