CHHATTISGARH WEATHER : The weather will change, keep an eye on these dates!
रायपुर। छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम साफ है, लेकिन अगले कुछ दिनों में बारिश दस्तक दे सकती है। बंगाल की खाड़ी में बन रहा मौसमी सिस्टम प्रदेश के मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 25 और 26 अक्टूबर को राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
27 अक्टूबर से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 27 अक्टूबर से प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका भी जताई गई है।
28-29 अक्टूबर को ज्यादा असर
मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के लिए 28 और 29 अक्टूबर अहम हो सकते हैं। इन दिनों कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। हालांकि, बारिश का असर हर जिले में एक जैसा हो, यह जरूरी नहीं है।
इस बदलाव की वजह बंगाल की खाड़ी में सक्रिय निम्न दबाव का क्षेत्र है। यह सिस्टम मजबूत होकर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है और आगे बढ़ते हुए देश के कई हिस्सों के मौसम को प्रभावित कर सकता है।
लोगों को सलाह है कि तेज गरज-चमक के दौरान खुले मैदानों में जाने से बचें और मौसम विभाग के ताजा जिला-स्तरीय अलर्ट पर नजर रखें।
