PARA ARCHERY MEDAL: Toman Kumar from Balod wins gold!
PARA ARCHERY MEDAL: जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन पैरा गेम्स 2026 में छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के अहिबरन नवागांव निवासी और CRPF के पूर्व कोबरा कमांडो तोमन कुमार ने तीरंदाजी में स्वर्ण पदक जीता है।
उन्होंने जम्मू-कश्मीर की पैरा तीरंदाज शीतल देवी के साथ कंपाउंड मिक्स्ड टीम स्पर्धा के फाइनल में इंडोनेशिया की थियोडोरा ऑडी आयुडिया फेरेली और केन स्वागुमिलंग की जोड़ी को 151-148 से हराया।
फाइनल से पहले भारतीय जोड़ी ने क्वालीफिकेशन राउंड में कुल 1402 अंक हासिल किए। इसमें शीतल ने 704 और तोमन ने 698 अंक बनाए। दोनों ने 1400 अंकों का पिछला विश्व रिकॉर्ड तोड़ा। फाइनल में भी भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से बढ़त बनाए रखी और तीन अंकों के अंतर से मुकाबला अपने नाम किया।
तोमन कुमार वर्ष 2017 में सीआरपीएफ में कांस्टेबल के पद पर भर्ती हुए थे। वर्ष 2021 में उन्होंने कोबरा बटालियन की ट्रेनिंग ली। फरवरी 2022 में झारखंड के लोहरदगा जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट में उनका बायां पैर गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के दौरान डॉक्टरों को उनका पैर काटना पड़ा।
जम्मू-कश्मीर की शीतल देवी जन्म से दोनों हाथों के बिना हैं। वह पैरों और शरीर की मदद से धनुष चलाती हैं। उन्होंने हांगझोउ एशियन पैरा गेम्स में दो स्वर्ण पदक और पेरिस पैरालंपिक 2024 में कांस्य पदक जीता था। उनकी गिनती देश की प्रमुख पैरा तीरंदाजों में होती है।
तोमन की इस उपलब्धि ने बालोद जिले और छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय खेल मंच पर नई पहचान दी है।
