FRANCE PROTEST : Violence spirals out of control in France, 2,400 arrested, Macron issues a stern message
रायपुर डेस्क। फ्रांस में लगातार तीन दिनों से जारी प्रदर्शनों के बीच हालात बिगड़ते जा रहे हैं। कई शहरों में हिंसा, लूटपाट और आगजनी की घटनाओं के बाद पुलिस ने 2,400 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने साफ कहा है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और दुकानों में लूटपाट करने वालों को जवाबदेह ठहराया जाएगा।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में 148 स्थानों पर प्रदर्शन हुए। इनमें करीब 5.5 लाख लोगों के शामिल होने की बात कही गई है, जबकि कुछ अनुमानों में यह संख्या 8 लाख तक बताई गई। मजदूर संघों, छात्र संगठनों और कार्यकर्ताओं के आह्वान पर हुए इन प्रदर्शनों में कई जगह हालात हिंसक हो गए।
प्रदर्शनकारियों ने दुकानों, सार्वजनिक इमारतों और टाउन हॉल को निशाना बनाया। राष्ट्रपति मैक्रों ने अति-वामपंथी समूहों से जुड़े प्रदर्शनकारियों पर तोड़फोड़ और आगजनी में शामिल होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हिंसा करने वालों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई होगी।
इस बीच लिमोज शहर से आई आगजनी की खबर ने चिंता बढ़ा दी है। यहां 19वीं सदी के ऐतिहासिक सिटी हॉल में आग लगाए जाने की सूचना है। करीब 143 साल पुरानी यह इमारत दो विश्व युद्धों की गवाह रही है।
सरकार और पुलिस अब हिंसा में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी हैं। कार्रवाई के बीच सबसे बड़ी चुनौती सार्वजनिक व्यवस्था बहाल करना और ऐतिहासिक इमारतों समेत सरकारी संपत्ति को सुरक्षित रखना है।
