RAJGHAT PROTEST : Protest for the third consecutive day on the issue of SIR
नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR को लेकर विपक्ष का दिल्ली में प्रदर्शन गुरुवार को लगातार तीसरे दिन जारी रहा। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे समेत INDIA ब्लॉक के सांसद कनॉट प्लेस में लंच के बाद बसों से राजघाट पहुंचे और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।
राजघाट के आसपास प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। शुरुआत में विपक्षी नेताओं को गेट पर रोका गया, जिसके बाद अनुमति मिलने पर वे अंदर गए। वहां नेताओं ने कुछ देर बैठकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। बाद में राहुल गांधी और अन्य नेता राजघाट से बाहर निकल गए।
विपक्ष SIR यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर सवाल उठा रहा है और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है। विपक्ष का आरोप है कि SIR के जरिए मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। वहीं चुनाव आयोग और सत्तारूढ़ पक्ष इन आरोपों को खारिज करते रहे हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना चाहता है। वहीं खड़गे ने राजघाट पर प्रार्थना और धरने की बात कही।
इससे पहले मंगलवार को विपक्ष ने चुनाव आयोग तक मार्च की कोशिश की थी, जबकि बुधवार को जंतर-मंतर की ओर बढ़ते नेताओं को हिरासत में लिया गया था। गुरुवार का राजघाट प्रदर्शन इस अभियान का तीसरा दिन रहा।
विपक्षी दलों की ओर से शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की योजना भी बताई गई है।
