CG Hockey League 2026: Six teams to compete!
CG HOCKEY LEAGUE 2026: रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में 28 और 29 सितंबर को खिलाड़ियों का ट्रायल लिया जा रहा है। इसके लिए करीब 400 युवाओं ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया है।
चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद इनमें से 108 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने ट्रायल के संचालन और खिलाड़ियों के चयन के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारियां दी हैं।
छह फ्रेंचाइजी टीमें इनमें राजधानी रॉयल्स, चित्रकूट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स शामिल हैं।
लीग का पहला सीजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक रायपुर में होगा। सभी छह टीमें लीग चरण में मुकाबले खेलेंगी।
अंक तालिका में शीर्ष चार टीमों को सेमीफाइनल में जगह मिलेगी। दोनों सेमीफाइनल के विजेता फाइनल में खिताब के लिए आमने-सामने होंगे।
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग 2026 के लोगो में छत्तीसगढ़ का नक्शा शामिल किया गया है। लीग की टैगलाइन ‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ रखी गई है। वहीं आधिकारिक शुभंकर ‘बघवा’ है, जो बाघ पर आधारित है।
आयोजकों के मुताबिक इसे छत्तीसगढ़ के जंगलों और वन्यजीव विरासत से जोड़ा गया है। मैचों के दौरान मनोरंजन कार्यक्रम भी होंगे और दर्शकों के लिए सभी मुकाबलों में प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
