GIRIRAJ SINGH LETTER : An anonymous letter addressed to Giriraj Singh creates a stir
नई दिल्ली/बेगूसराय। केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। गुमनाम चिट्ठी के जरिए मिली धमकी के बाद हड़कंप मच गया है।
LPG BOOKING RULE: अब 25 दिन में बुक होगा सिलेंडर!
धमकी भरा पत्र नई दिल्ली स्थित मंत्रालय कार्यालय में डाक के जरिए भेजा गया था। मामले की जानकारी मिलने के बाद बेगूसराय टाउन थाने में FIR दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
3 सितंबर को भेजी गई थी चिट्ठी
पुलिस के मुताबिक मामला 3 सितंबर का है। धमकी भरा पत्र अंग्रेजी में लिखा गया था, जिसमें कथित तौर पर आतंकवादियों का भी जिक्र किया गया है।
मंत्री के PA योगेंद्र सिंह ने मामले की जानकारी बेगूसराय SP को दी। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
चिट्ठी में मिले मोबाइल नंबर और पता
जांच के दौरान पुलिस को पत्र में दो मोबाइल नंबर और कर्नाटक के कोलार जिले का एक पता मिला है। पत्र में एक व्यक्ति का नाम भी लिखा होने की जानकारी सामने आई है।
हालांकि, पुलिस अभी इन जानकारियों को पूरी तरह सही मानकर नहीं चल रही है। जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि पत्र में दिए गए नाम, मोबाइल नंबर और पता वास्तविक हैं या जांच को भटकाने के लिए जानबूझकर लिखे गए हैं।
अब पुलिस के सामने बड़ा सवाल
पुलिस अब धमकी भरा पत्र भेजने वाले की पहचान और इसके पीछे की मंशा का पता लगाने में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो सकेगा कि धमकी किसने दी और इसके पीछे क्या वजह थी।
