Andhra Pradesh-Cg Disputes: Polavaram Project Raises Concerns in 18 Chhattisgarh Villages!
ANDHRA PRADESH-CG DISPUTES: वेलगापुड़ी सचिवालय में आयोजित एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान CM नायडू ने छत्तीसगढ़-आंध्र सीमा पर गोदावरी नदी पर आकार ले रही पोलावरम प्रोजेक्ट को हर हाल में जून 2027 तक पहला चरण पूरा करने के सख्त निर्देश दिये हैं ।
आंध्रप्रदेश सरकार 2027 में आयोजित होने वाले पौराणिक गोदावरी पुष्करालु (महाकुंभ) से पहले इस महत्वाकांक्षी परियोजना का लाभ अपने राज्य की जनता को समर्पित करना चाहती है।
आंध्रप्रदेश के इस तेजी से लिए गए फैसले ने छत्तीसगढ़ के अंतिम छोर पर बसे सुकमा जिले के कोंटा नगर पंचायत और आसपास के 18 गांवों की नींद उड़ा दी है।
साल 2018 के एक प्राथमिक सर्वे के मुताबिक इस परियोजना के तहत कोंटा नगर पंचायत समेत 18 गांव डूब क्षेत्र की जद में आ रहे हैं। इससे तकरीबन 15 हजार आबादी प्रभावित होगी। लेकिन जल, जंगल, जमीन और निजी संपत्तियों का कितना रकबा जलमग्न होगा, इसका सटीक और अद्यतन आंकड़ा स्थानीय प्रशासन के पास भी नहीं है।
समीक्षा बैठक के दौरान निर्माण कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को प्रोजेक्ट का पूरा तकनीकी प्लान सौंपा। इसके तहत 1398 मीटर लंबी नई डायाफ्राम वॉल का निर्माण कार्य यदि जनवरी से शुरू होता है तो इसे पूरा होने में करीब एक साल का समय लगेगा।
