CG Election: Preparations for urban body elections have intensified!
CG ELECTION: छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा आगामी दिसंबर 2026 में प्रस्तावित नगरीय निकायों के आम और उप चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव स्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रदेश की 15 नगरीय निकायों के साथ ही दो नवगठित नगर पंचायतों के आम निर्वाचन की तैयारियों एवं शासन स्तर पर की जा रही आवश्यक कार्यवाहियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिन नगरीय निकायों में निर्वाचन प्रस्तावित हैं, उनमें नगर निगम बीरगांव, भिलाई, भिलाई-चरौदा एवं रिसाली, नगरपालिका परिषद जामुल, सारंगढ़, बैकुंठपुर, शिवपुर-चरचा एवं खैरागढ़ तथा नगर पंचायत प्रेमनगर, मारो, कोंटा, नरहरपुर, भैरमगढ़ एवं भोपालपट्टनम शामिल हैं।
इसके साथ ही नवगठित नगर पंचायत तमनार और बड़ी करेली में भी आम निर्वाचन कराया जाएगा।
बैठक में राज्य निर्वाचन आयोग की सचिव शिखा राजपूत, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी सभी आवश्यक शासकीय प्रक्रियाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा आगामी आम एवं उप निर्वाचन का संचालन समयबद्ध, निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से सुनिश्चित किया जा सके।
