CHHATTISGARH : Fake mangalsutra given as Kanyadan! Collector’s investigation reveals major facts
मनेंद्रगढ़. मनेंद्रगढ़ जिले की मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अब बड़े विवाद में घिर गई है। जांच में खुलासा हुआ है कि सामूहिक विवाह में नवविवाहित जोड़ों को चांदी नहीं, बल्कि गिलेट यानी नकली धातु के मंगलसूत्र बांटे गए थे।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष की शिकायत के बाद कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने उच्च स्तरीय जांच कराई। रिपोर्ट में शिकायत को प्रथम दृष्टया सही पाया गया और खरीद प्रक्रिया में गंभीर वित्तीय अनियमितताओं का खुलासा हुआ।
जांच में सामने आया कि कोटेशन तो लिए गए, लेकिन क्रय समिति के हस्ताक्षर और प्रशासनिक मंजूरी के बिना ही खरीद प्रक्रिया पूरी कर दी गई। सबसे बड़ी बात यह रही कि सामान का कोई भौतिक सत्यापन नहीं हुआ, जिससे कथित तौर पर घटिया और नकली सामग्री वितरित कर दी गई।
IGKV RAIPUR HOSTEL : आधी रात हॉस्टल की छत गिरी!
रिपोर्ट के मुताबिक क्रय समिति ने नोटशीट में साफ तौर पर चांदी के मंगलसूत्र की अनुशंसा की थी, लेकिन जिला कार्यक्रम अधिकारी आदित्य शर्मा ने बिना सक्षम वित्तीय स्वीकृति के दूसरी धातु के मंगलसूत्र बंटवा दिए।
विभाग ने सफाई देते हुए कहा कि गुणवत्ता पर सवाल उठने के बाद प्रति मंगलसूत्र एक हजार रुपये की कटौती कर वधुओं के खातों में कुल 36 हजार रुपये जमा किए गए। हालांकि, अब मामला राजनीतिक रंग भी पकड़ चुका है।
कांग्रेस ने इसे सरकारी धन के दुरुपयोग का बड़ा मामला बताते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है। कलेक्टर ने पूरी रिपोर्ट मंत्रालय को भेज दी है, जहां आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई तय होगी।
