CG News: Demand to implement ‘No Bag Day’ in schools; Idris Gandhi writes to the Chief Minister!
CG NEWS: छत्तीसगढ़ उर्दू अकादमी के अध्यक्ष इदरीस गांधी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर छत्तीसगढ़ के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों में सप्ताह में एक दिन ‘नो बैग डे’ लागू करने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने का अनुरोध किया है।
इदरीस गांधी ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि कर्नाटक सहित देश के कुछ राज्यों में गतिविधि-आधारित शिक्षण एवं ‘नो बैग डे’ जैसी पहल के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
पत्र में उन्होंने कहा है कि विद्यार्थियों को सप्ताह में एक दिन पारंपरिक पढ़ाई के स्थान पर प्राथमिक उपचार, साइबर सुरक्षा, यातायात नियम, पर्यावरण संरक्षण, वित्तीय साक्षरता, योग, खेलकूद, स्थानीय कला एवं व्यक्तित्व विकास जैसी व्यवहारिक एवं जीवनोपयोगी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए।
उनका मानना है कि यदि छत्तीसगढ़ में भी यह व्यवस्था लागू की जाती है, तो विद्यार्थियों का मानसिक तनाव कम होगा, उनकी रचनात्मकता और व्यावहारिक ज्ञान में वृद्धि होगी तथा शिक्षा अधिक अनुभव आधारित और कौशल केंद्रित बन सकेगी।
