CHHATTISGARH RAIN ALERT : Bastar submerged, Raipur dry!
रायपुर. बारिश ने आखिरकार छत्तीसगढ़ में रफ्तार पकड़ ली है, लेकिन तस्वीर पूरे प्रदेश में एक जैसी नहीं है। बस्तर में बादल खुलकर बरस रहे हैं, जबकि रायपुर समेत कई जिले अब भी अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं।
पिछले 24 घंटे में दंतेवाड़ा के बचेली में 15 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई, जो पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा रही। लगातार बारिश के चलते दंतेवाड़ा ऐसा पहला जिला बन गया है, जहां सामान्य से ज्यादा वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
दूसरी तरफ राजधानी रायपुर में सिर्फ रिमझिम का सिलसिला जारी है। अब तक जिले में महज 49 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 74 फीसदी कम है। यानी मानसून आया जरूर, लेकिन राजधानी अभी भी उसकी पूरी मेहरबानी का इंतजार कर रही है।
CHHATTISGARH : 31 जुलाई से घरों में पाइप से पहुंचेगी गैस
प्रदेश में 30 जून तक औसत बारिश 66.5 मिमी थी, जो 2 जुलाई तक बढ़कर 99.6 मिमी पहुंच गई है। इसके बावजूद राज्य में अब भी सामान्य से 54 फीसदी कम वर्षा दर्ज की गई है। 33 जिलों में से 14 जिले ऐसे हैं, जहां बारिश की भारी कमी बनी हुई है।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी से अतिभारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। खासकर बस्तर संभाग में कई इलाकों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के असर से अगले पांच दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रह सकता है।
इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। लोगों को खुले मैदान, बड़े पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
