CG CRIME: Cunning conman flees with a laptop from a five-star hotel!
CG CRIME: राजधानी रायपुर के होटल हयात में एक मेहमान, जो आलीशान कमरे में ठहरने आया था, वह चंद दिनों में ही होटल को दो लाख का चूना लगाकर गायब हो गया।
आरोपी ने पहले अपने व्यवहार से होटल कर्मचारियों का विश्वास जीत लिया। इसके बाद वह होटल का लैपटॉप लेकर फरार हो गया।
होटल प्रबंधन ने मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, तमिलनाडु का रहने वाला भीमसेन जान 25 जून 2026 को रायपुर के होटल हयात में ठहरा था।
उसे होटल के कमरा नंबर 512 में रुकने के लिए अलॉट किया गया था। शुरुआत में वह एक सामान्य मेहमान की तरह ही पेश आया। उसने होटल प्रबंधन से अपने जरूरी काम का हवाला देते हुए एक लैपटॉप की मांग की।
मेहमान की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए होटल प्रबंधन ने भी बिना किसी संदेह के बाहरी एजेंसी से एक महंगा लैपटॉप किराये पर मंगवाया और उसे उपलब्ध करा दिया।
बाद में ऑफिस का जरूरी काम होने का हवाला देकर होटल का लैपटॉप अपने साथ ले गया और वापस नहीं लौटा।
काफी देर तक उसके नहीं लौटने पर होटल प्रबंधन को ठगी का एहसास हुआ।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और उसके मूवमेंट की जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि आरोपी पर मुंबई, दिल्ली, पुणे और हैदराबाद समेत कई बड़े शहरों के फाइव स्टार होटलों में भी इसी तरह की ठगी करने के आरोप हैं।
पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य राज्यों से जुड़े मामलों की भी जानकारी जुटा रही है।
