CG Crime News: Attempted robbery at a jewelry shop in broad daylight; the miscreant arrived disguised as a young woman!
CG CRIME NEWS: कोरबा जिले में कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी बाजार स्थित राज ज्वैलर्स दुकान में हथियारबंद लुटेरों ने लूट की कोशिश कर सनसनी फैला दी।
बुधवार दोपहर तीन नकाबपोश बदमाश ग्राहक बनकर पहुंचे।उन्होंने पहले सोने की अंगूठी दिखाने की बात कही। जैसे ही दुकान संचालक राजकुमार अग्रवाल ने जेवर निकालकर दिखाए, एक आरोपी ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया।
इनमें से एक आरोपी युवती के वेश में सलवार-सूट पहनकर आया था ताकि उसकी पहचान न हो सके।
बदमाशों ने कट्टे और चाकू की नोक पर वारदात को अंजाम देने की कोशिश की, लेकिन दुकानदार की बहादुरी के चलते वे अपना देसी कट्टा और बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
चोर जल्दबाजी में वे नकली आर्टिफिशियल ज्वेलरी को भी असली समझकर अपने साथ ले गए।
वारदात के दौरान दुकान में तीन कर्मचारी मौजूद थे। बदमाश जब लूटकर भागने लगे तो दुकानदार राजकुमार अग्रवाल ने उनका पीछा कर पकड़ने की कोशिश की।
इस दौरान एक बदमाश ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे दुकानदार घायल हो गए। वहीं हाथापाई के दौरान एक आरोपी ने उनके हाथ पर दांत से काट लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी कुछ असली जेवरात के साथ-साथ आर्टिफिशियल ज्वेलरी भी अपने साथ ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी कट्टा और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली है।
पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
