TRIBAL MAN STORY : Bank’s condition forces brother to bring sister’s skeleton
नई दिल्ली। ओडिशा के केओंझार से ऐसी खबर आई है जिसने सिस्टम पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। एक गरीब आदिवासी युवक को सिर्फ 19,300 रुपये निकालने के लिए ऐसी हालत में पहुंचा दिया गया कि उसने अपनी ही बहन का कंकाल बैंक में लाकर खड़ा कर दिया।
मामला मल्लीपासि इलाके का है, जहां जीतू मुंडा अपनी बहन कालरा मुंडा के खाते से पैसे निकालना चाहता था। बहन की दो महीने पहले मौत हो चुकी थी, लेकिन बैंक ने साफ कह दिया या खाताधारक को लेकर आओ, या डेथ सर्टिफिकेट और वारिस का सबूत दिखाओ।
दस्तावेज न होने और प्रक्रिया न समझ पाने के कारण जीतू बार-बार बैंक से लौटता रहा। आखिरकार वह इतना टूट गया कि कब्र से बहन का शव निकालकर उसका कंकाल ही बैंक लेकर पहुंच गया।
यह दृश्य देखकर हर कोई सन्न रह गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, युवक को समझाकर घर भेजा और भरोसा दिलाया कि अब उसे परेशान नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने भी बैंक से जवाब तलब किया है।

