NAVRATRI SPECIAL TRAIN : Big news for those going to Dongargarh during Navratri…
रायपुर। चैत्र नवरात्रि में मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ जाने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने खास तैयारी कर ली है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 19 मार्च से 27 मार्च तक यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाने और कई ट्रेनों में बदलाव का फैसला किया है।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए डोंगरगढ़-दुर्ग-डोंगरगढ़ मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। यह ट्रेन दुर्ग से रात 2:40 बजे रवाना होकर सुबह 4:00 बजे डोंगरगढ़ पहुंचेगी। वहीं वापसी में डोंगरगढ़ से रात 1:05 बजे निकलकर 2:20 बजे दुर्ग पहुंचेगी।
इसके अलावा कई पैसेंजर ट्रेनों के रूट में भी बदलाव किया गया है। गोंदिया-दुर्ग-गोंदिया मेमू अब रायपुर तक चलाई जाएगी। रायपुर से यह सुबह 5:00 बजे रवाना होगी और रात 10:30 बजे वापस पहुंचेगी।
इसी तरह रायपुर-डोंगरगढ़ मेमू ट्रेन को गोंदिया तक बढ़ाने का फैसला किया गया है। रायपुर और डोंगरगढ़ के बीच यह पुराने समय पर चलेगी, जबकि डोंगरगढ़ से गोंदिया के बीच नई समय सारणी लागू होगी।
नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए डोंगरगढ़ स्टेशन पर कई एक्सप्रेस ट्रेनों का अस्थायी ठहराव भी दिया गया है। इनमें बिलासपुर-भगत की कोठी, बिलासपुर-बीकानेर, बिलासपुर-चेन्नई, बिलासपुर-पुणे और रायपुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस शामिल हैं। ये सभी ट्रेनें अप और डाउन दोनों दिशाओं में डोंगरगढ़ स्टेशन पर रुकेंगी।

