DG son slapped over parking dispute, accused arrested
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र से पुलिस महानिदेशक पवन देव के बेटे तेजस्व देव के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक कार सवार युवक लापरवाही से वाहन चला रहा था। इसी दौरान तेजस्व देव ने उसे सावधानी से गाड़ी चलाने को कहा जिसपर युवक भड़क गया और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। यह विवाद देखते ही देखते बढ़ गया और आरोपी युवक ने तेजस्व देव के साथ मारपीट कर दी।
मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी युवक की पहचान सागर जायसवाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जब तेजस्व देव ने उसे लापरवाही से कार चलाने से रोका और समझाने की कोशिश की, तो वह गुस्से में आ गया। इसके बाद उसने बहस करते हुए हाथापाई शुरू कर दी। इस घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया और मामले की सूचना पुलिस को दी गई। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया था।
मामले में सरकंडा पुलिस स्टेशन में आरोपी सागर जायसवाल के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि विवाद किस परिस्थिति में बढ़ा और मारपीट की घटना कैसे हुई।

