Crime News: Wife hatches a horrific conspiracy with her boyfriend, police uncovers the secret
रायपुर : राजधानी रायपुर के खरोरा थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। पत्नी ने अपने बॉयफ्रेंड और उसके साथियों के साथ मिलकर पति की निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर कार्रवाई करते हुए पत्नी समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम रोशनी लिलेश उर्फ मुरू कुलदीप ,अजय राज कुलदीप और देवेंद्र कुमार बताए गए हैं। मृतक का नाम किशोर सारथी है, जो ग्राम खसेरा का रहने वाला था।
संदिग्ध हालत में मिला शव
खरोरा पुलिस के अनुसार 28 फरवरी की सुबह ग्राम मांठ स्थित सागौन वाटिका के पास सड़क किनारे किशोर सारथी का शव संदिग्ध हालत में मिला। शव देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम डॉग स्क्वॉड और एफएसएल विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच में खुला साजिश का राज
प्रारंभिक जांच में मामला सामान्य सड़क हादसा नहीं लगा। पुलिस ने मृतक की पत्नी रोशनी से कड़ाई से पूछताछ की, जिसके बाद पूरी साजिश का खुलासा हुआ।
जांच में सामने आया कि रोशनी का पिछले कुछ महीनों से लिलेश उर्फ मुरू के साथ प्रेम संबंध था। पति किशोर को इस अफेयर की जानकारी हो गई थी, जिसके चलते घर में आए दिन विवाद और मारपीट होती थी। इसी से छुटकारा पाने के लिए पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
27 फरवरी की रात रोशनी ने योजना के तहत पति को अपनी बहन को लाने के बहाने ग्राम बिठिया भेजा। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे लिलेश और उसके दो साथी थार गाड़ी के साथ मौजूद थे।
जैसे ही किशोर मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा, आरोपियों ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद उसे घसीटा गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपियों ने इसे सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की, लेकिन सड़क पर घसीटे जाने के निशानों ने साजिश की पोल खोल दी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल की गई थार गाड़ी भी जब्त कर ली गई है। रायपुर ग्रामीण एएसपी प्रशांत शुक्ला ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।

