AJAY CHANDRAKAR : From MNREGA to Congress… Ajay Chandrakar’s sharp attacks in Balod
बालोद। बालोद दौरे पर पहुंचे भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने सोमवार को केंद्रीय बजट से लेकर मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना और कांग्रेस की राजनीति तक जमकर बयानबाज़ी की। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि पहले मनरेगा के लिए करीब 95 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान था, जिसे अब बढ़ाकर डेढ़ लाख करोड़ रुपये से ज्यादा कर दिया गया है। उनका दावा है कि बढ़े बजट से 150 दिन रोजगार का लक्ष्य पूरा होगा और इससे मजदूर, किसान और ग्रामीण वर्ग को सीधा फायदा मिलेगा।
मनरेगा के नाम को लेकर उठे विवाद पर चंद्राकर ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि योजना की शुरुआत के समय विधेयक में राज्य का नाम जोड़ने का प्रावधान था, इसलिए छत्तीसगढ़ में इसका नाम ‘छत्तीसगढ़ रोजगार गारंटी अधिनियम’ रखा गया था। बाद में विरोध के चलते नाम बदलकर महात्मा गांधी जोड़ दिया गया। चंद्राकर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने ही पहले नाम बदलने का काम किया।
प्रधानमंत्री आवास योजना पर बोलते हुए उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में अब तक 28 लाख मकानों का निर्माण हो चुका है। उन्होंने कांग्रेस को चुनौती दी कि अगर कोई इन आंकड़ों को सही तरीके से लिखकर बता दे तो वे इनाम देंगे। उनके मुताबिक कांग्रेस हमेशा गरीबों और ग्रामीण विकास योजनाओं में अड़ंगा डालती रही है।
धान खरीदी पर उठे सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि अंतिम आंकड़े आने दें, फिर विस्तार से चर्चा होगी। उन्होंने साफ कहा कि वे सवालों से भागने वालों में नहीं हैं, लेकिन तथ्य सामने आना जरूरी है।
कवासी लखमा के विधानसभा में शामिल होने पर उन्होंने इसे संवैधानिक मामला बताते हुए टिप्पणी से परहेज किया। वहीं टीबी के बढ़ते मामलों पर उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश को टीबी मुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चला रही है और जांच के कारण ही ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं।

