CG BORING ACCIDENT : Boring blast! Water gushes out from the floor of the house…
बिलासपुर। उसलापुर गोकुलधाम इलाके में 29 जनवरी की रात रिहायशी इलाके में चल रही बोरिंग ने बड़ा खतरा पैदा कर दिया। एक सामान्य घर के भीतर अचानक फर्श के नीचे से तेज दबाव के साथ पानी फूट पड़ा। कुछ ही सेकंड में कमरे का फर्श टूट गया और पानी का फव्वारा ऊपर उठने लगा। गनीमत रही कि मकान मालिक बाल-बाल बच गया।
यह पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में साफ दिखता है कि रात करीब 8.45 बजे अचानक फर्श धंसता है और तेज धार के साथ पानी बाहर निकलता है। देखते ही देखते कमरा पानी से भरने लगता है, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पास के एक प्लॉट में नई बोरिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान जमीन के भीतर दबाव असंतुलित हुआ। भू-विशेषज्ञों का कहना है कि पहले से मौजूद बोरिंग के पास नई ड्रिलिंग होने पर भूमिगत जलधाराओं पर अचानक दबाव बनता है। अगर पुरानी बोरिंग की सीलिंग कमजोर हो, तो पानी सतह तोड़कर बाहर आ जाता है।
भू-विशेषज्ञ एसके पराते के अनुसार, यह मामला तकनीकी लापरवाही का हो सकता है। बिना जांच और अनुमति के बोरिंग करना भविष्य में और बड़े हादसों को न्योता दे सकता है।
घटना के बाद इलाके के रहवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि रिहायशी इलाकों में बिना तकनीकी जांच बोरिंग पर सख्ती से रोक लगाई जाए, ताकि ऐसे हादसे दोबारा न हों।

