CHHATTISGARH : Chhuikhadan limestone block cancelled
रायपुर। रायपुर-खैरागढ़ जिले से बड़ी प्रशासनिक खबर सामने आई है। छुईखदान विकासखंड के अंतर्गत आने वाले जगमड़वा–हनाईबन–मरदकठेरा चूना पत्थर ब्लॉक को निरस्त कर दिया गया है। यह खनिज ब्लॉक करीब 304.209 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला हुआ था और इलाके का दूसरा सबसे बड़ा खनिज ब्लॉक माना जाता था।

भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI) द्वारा इस क्षेत्र में जी-2 स्तर पर किए गए विस्तृत भूवैज्ञानिक सर्वे में करीब 52.745 मिलियन टन चूना पत्थर के भंडार की पुष्टि की गई थी। इसके बावजूद प्रशासनिक और अन्य कारणों के चलते इस ब्लॉक को रद्द करने का फैसला लिया गया है।
गौरतलब है कि इस चूना पत्थर ब्लॉक के लिए 5 अक्टूबर को एनआईटी (NIT) जारी की गई थी। इसके बाद से ही स्थानीय ग्रामीणों ने खनन प्रस्ताव का कड़ा विरोध शुरू कर दिया था। ग्रामीणों का कहना था कि खनन से पर्यावरण, खेती और जल स्रोतों पर गंभीर असर पड़ेगा।
लगातार विरोध और स्थानीय असहमति के बीच अब इस खनिज ब्लॉक को निरस्त किए जाने का निर्णय लिया गया है, जिसे ग्रामीणों की बड़ी जीत के तौर पर देखा जा रहा है।

