MH MUNICIPAL ELECTION RESULTS : MNS zero in municipal body, this is the reason for Mahayuti superhit…
मुंबई। महाराष्ट्र के नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों के नतीजों ने राज्य की राजनीति में बड़ा संकेत दे दिया है। राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) इन चुनावों में पूरी तरह फेल साबित हुई और एक भी नगराध्यक्ष पद जीतने में नाकाम रही। वहीं उद्धव ठाकरे और शरद पवार की पार्टियां सिंगल डिजिट में सिमट गईं, जबकि BJP-नेतृत्व वाला महायुति गठबंधन सबसे बड़ा विजेता बनकर उभरा।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 21 दिसंबर को घोषित नतीजों के अनुसार, राज्य की 288 नगर परिषदों और नगर पंचायतों में हुए चुनावों में महायुति गठबंधन ने कुल 207 नगराध्यक्ष पदों पर कब्जा जमाया। इनमें BJP ने 117, एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना ने 53 और अजित पवार गुट की NCP ने 37 पद जीते।
इसके मुकाबले विपक्षी महा विकास अघाड़ी को सिर्फ 44 नगराध्यक्ष पदों से संतोष करना पड़ा। कांग्रेस ने 28 सीटें जीतीं, उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना को 9 और शरद पवार गुट की NCP को केवल 7 सीटें मिलीं। इन सबके बीच MNS का खाता तक न खुलना पार्टी की जमीनी पकड़ पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है।
लगातार हार से घिरी MNS
MNS के लिए यह हार नई नहीं है। अगस्त 2025 में मुंबई BEST कर्मचारी को-ऑपरेटिव क्रेडिट सोसायटी चुनाव में भी MNS और शिवसेना (UBT) की संयुक्त पैनल को एक भी सीट नहीं मिली थी, जबकि BJP-समर्थित पैनल ने सभी 21 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
इससे पहले नवंबर 2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में MNS ने 135 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन एक भी सीट नहीं जीत पाई थी। लगातार मिल रही हार ने पार्टी के राजनीतिक भविष्य पर सवाल और गहरे कर दिए हैं।
BMC चुनाव पर टिकी निगाहें
राज्य निर्वाचन आयोग ने ऐलान किया है कि महाराष्ट्र की 29 नगर निगमों के चुनाव 15 जनवरी 2026 को एक ही चरण में कराए जाएंगे, जिनमें बृहन्मुंबई महानगरपालिका यानी BMC भी शामिल है। इन चुनावों के नतीजे 16 जनवरी 2026 को घोषित होंगे। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि BMC चुनाव में राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे की पार्टियां साथ आएंगी या अलग-अलग मैदान में उतरेंगी।

