TOURISM 2025 : Shivrinarayan is back in its glory, with the Shri Ram Waterway and the Amazon Forest becoming tourist attractions.
नीरज शर्मा संवाददाता दैनिक छत्तीसगढ़ वॉच
शिवरीनारायण, 10 नवंबर 2025। पवित्र त्रिवेणी संगम की नगरी शिवरीनारायण एक बार फिर पर्यटकों से गुलज़ार हो गई है। महानदी बैराज के निर्माण कार्य पूरे होने के बाद अब यहां श्रीराम जल मार्ग पर नौका-विहार की शुरुआत कर दी गई है। इसके साथ ही अमेज़न जंगल एडवेंचर ज़ोन सैलानियों के लिए नया रोमांचक स्थल बन गया है।
हर दिन सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। राम घाट, काली घाट, बाबा घाट, गंगा घाट और मेला चौपाटी घाट पर 30–40 नौकाएं पर्यटकों को त्रिवेणी संगम महानदी, शिवनाथ और जोक नदी के अद्भुत मिलन का दृश्य दिखा रही हैं।
छत्तीसगढ़ के अलावा ओडिशा, झारखंड और मध्यप्रदेश से भी बड़ी संख्या में सैलानी यहां पहुंच रहे हैं। सप्ताहांत में यहां पिकनिक और धार्मिक पर्यटन का संगम देखने को मिल रहा है।
अमेज़न जंगल क्षेत्र में घनी हरियाली, पक्षियों की चहचहाहट और नदी तट की ठंडी हवाओं का आनंद पर्यटकों को प्राकृतिक सुकून दे रहा है। बाहरी राज्यों से आए आगंतुकों ने कहा कि शिवरीनारायण अब “छत्तीसगढ़ का प्रमुख जल-पर्यटन केंद्र” बन चुका है।
धार्मिक आस्था और प्राकृतिक सुंदरता से सराबोर यह स्थल शबरी नारायण धाम के रूप में एक बार फिर प्रदेश का गौरव बन गया है।

